गुरुवार, 19 जून 2014

वाॅव, मैं शर्मिंदा हूं! अमेजिंग!!

जयजीत अकलेचा/ Jayjeet Aklecha

कार्टून: गौतम चक्रवर्ती
हाल ही में एक भारतीय ने किसी अन्य देश में रह रहे अपने एक मित्र को पत्र लिखा था। इसमें उसने शर्मसार होने के फीलगुड का अद्भुत वर्णन किया है। कुछ मित्रों ने तो इसे पढ़कर फेसबुक पर यहां तक सुझाव दे डाला है कि अब हमें ‘शर्म’ नामक दसवें रस की व्युत्पत्ति कर ही देनी चाहिए। खैर, सुझाव अपनी जगह। इस पत्र के मुख्य अंश:
हैलो मिस्टर जाॅन,
आपके लिए यह बड़े गर्व की बात है कि आपको हिंदी आती है। मुझे अंग्रेजी नहीं आती है और इसके लिए वाकई मैं शर्मिंदा हूं। हिंदी में लिखते हुए मैं जो शर्मिंदगी महसूस कर रहा हूं, उसकी अनुभूति ही अलग है। वैसे मुझे इस बात का गर्व है कि यहां रोजाना शर्मसार होने की कोई न कोई वजह मिल ही जाती है। वाव! शर्मिंदा होने की भी क्या फीलिंग होती है। मैं फेसबुक पर नहीं हूं, न ही ट्विटर पर हूं। मैं तो शर्म से गड़ा जा रहा हूं। वाॅव! शर्मिंदा होने से आगे की स्टेज है शर्म से गड़ा जाना। इसका एहसास ही खूबसूरत है। आप तो फील ही नहीं कर सकते। मेरे पास स्मार्टफोन भी नहीं, वो क्या बोलते है वाॅट्सअप! उसका तो सवाल ही नहीं। अगेन वाॅव! वाॅट ए शर्मिंदगी।
और ताजा शर्मिंदगी हाॅकी में उठानी पड़ी है। हाॅकी वल्र्डकप में हम नौवें स्थान पर रहे। नेशनल शेमनेस। मैं तो शर्मसार हूं ही, हाॅकी के कर्णधारों के चेहरों को तो देखो। शर्म से फूलकर कुप्पा हो रहे हैं। शर्मिंदगी के इस भाव पर कोई भी वारा जाए। अमेजिंग!! पर हाय फुटबाॅल। काश, हमें भी वल्र्ड कप में खेलने का मौका मिलता। हम आठ-आठ दस-दस गोल से हारते। कितने मस्त शर्मसार होते।
पत्र बड़ा हो रहा है, इसलिए मैं सीधे मुद्दे की शर्म पर आता हूं। आप भी सोच रहे होंगे कि मैं पाॅलिटिकल शेम की बात क्यों नहीं कर रहा हूं। दरअसल, मैं बच रहा था। कहीं आपको काॅम्लैक्स नहीं आ जाए। लेकिन यह सच है कि पाॅलिटिकल शेम के बगैर बात अधूरी ही रह जाएगी। यहां पाॅलिटिकल करप्शन, भाई-भतीजावाद, एक-दूसरे की टांग खिंचाई... सब अद्भुत है। यह सब हमको इतना शर्मसार करते हैं कि लगता है अगर धरती पर कहीं स्वर्ग है तो यहीं है यहीं है यहीं है। आपको इस बात पर बेहद गुस्सा आएगा कि हमारे (आपके) यहां ऐसा क्यों नहीं है! हमने ऐसा क्या बिगाड़ा था! सही बात है भाई, यह इनजस्टिस है। भगवान सब को शर्मिंदा होने का मौका दें। हम तो प्रार्थना ही कर सकते हैं, और क्या!
खैर, आप चाहें तो हमारे यहां के सबसे बड़े स्टेट में आकर भरपूर शर्मिंदा हो सकते हैं। आप जैसे फाॅरेनर टूरिस्टों के लिए यहां की सरकार ने जंगल टूरिज्म डिपार्टमेंट ही खोल दिया है। आप वहां के कुछ पेड़ों से लटककर शर्म की फीलिंग कर सकते हैं। उम्मीद है कि जब आप यहां आओगे तो शर्मसार होने के दो-चार मौके आपके सामने भी आ जाएंगे। खुद लाइव शर्मसार हो जाना।
तो देर मत करो। गारंटी है, आपको शर्मिंदा करने की हम भरपूर कोशिश करेंगे। सड़क पर पहली पीक मैं ही मारुंगा। डन रहा!
आपका ही
एक भारतीय दोस्त

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thanks for your comment