रविवार, 29 जून 2014

मनुष्यों की अमरता और देवताओं की चिंता

जयजीत अकलेचा/ Jayjeet Aklecha


जबसे नारदजी वह उड़ती-उड़ती खबर लाए, तभी से देवलोक में खलबली मची हुई है। आसन्न संकट पर विचार करने के लिए आनन-फानन में देवताओं की कार्यकारी समिति की बैठक बुलाई गई, जिसमें नारदजी को विशेष रूप से तलब किया गया था।
‘क्या यह सच है कि मानव अगले 40 सालों में अमर हो जाएगा?’ नारदजी से पूछा गया।
‘देखिए, खबर की पुष्टि तो आप लोग कीजिए। इतना भी नहीं कर सकते तो काहे के भगवान! मुझे किसी ने बताया तो मैंने आपको बता दिया।’ नारदजी बेफ्रिकी वाले अंदाज में बोले।
‘नारदजी कोई खबर लाए हैं तो कहीं न कहीं तो सच्चाई होगी ही।’ समिति के एक सदस्य बोले।
‘हमें किसी निष्कर्ष पर पहुंचने में इतनी जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए। क्यों न इस मामले में एक उपसमिति गठित कर दी जाए।’ एक अन्य सदस्य बोले। इनकी नारदजी से कभी नहीं बनी। इसलिए उन्होंने मौका देखकर चौका जड़ दिया।
‘यदि हम इसी बात पर उलझे रहे कि क्या सच है और क्या झूठ तो मूल मुद्दे से भटक जाएंगे।’ समिति के अध्यक्ष ने कहा। उन पर हुई पुष्पवर्षा इस बात का संकेत थी कि अध्यक्ष की बातों से अधिकांश देवता सहमत हैं। इसलिए बैठक की कार्यवाही आगे बढ़ी। एक अन्य सम्मानित सदस्य ने चर्चा के सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए कहा, ‘यदि मनुष्य अमर हो गया तो इससे हमारा महत्व कम हो जाएगा। आखिर मनुष्य का सबसे बड़ा कंसर्न तो उसकी जिंदगी ही होती है। उसी की खातिर वह हमारी शरण में आता है।’
‘देखिए, हमें चिंता अपने महत्व की नहीं करनी चाहिए। जिसको मानना है वह तो हमें मानेगा ही। मुद्दे की बात यह है कि यदि सभी लोग अमर होने लग गए तो धरती का क्या होगा?’ अध्यक्ष ने चिंता जताई।
‘धरती को गोली मारो। मेरा और मेरे यमदूतों का क्या होगा?’ यह यमराज की आवाज थी। हालांकि वे समिति के सदस्य नहीं थे, लेकिन स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्वयं ही बिन-बुलाए मीटिंग में चले आए थे। उन्हें अपने और यमदूतों के बेरोजगार होने की चिंता सता रही थी।
‘मैं यमजी की बातों से सहमत हूं। हमें पहले अपना घर देखना चाहिए, फिर धरती।’ ये चित्रगुप्तजी थे। दरअसल, उनकी चिंता की एक बड़ी वजह यमदूतों की यूनियन भी थी। ये झंडा-बैनर लेकर आकाश में उतर आए तो उन्हें संभालेगा कौन?
तभी बातचीत के सिलसिले को ब्रेक करते हुए एक तेजस्वी किस्म के देवता उठे, ‘आप लोग नाहक ही परेशान हो रहे हैं। हमें अमृत कलश पाने के लिए असुरों से लड़ना पड़ा था। मनुष्य के असुर तो उसके अंदर ही हैं। उसे अमर होने के लिए अपने अंदर वाले असुरों से लड़ना होगा जो और भी मुश्किल है। एक मरेगा तो दूसरा पैदा हो जाएगा। इसलिए यकीन मानिए, मनुष्य अमर नहीं होने वाला।’ 
इस देवता की बुद्धिमत्ता पर अधिकांश को यकीन था। इसलिए कार्यकारी समिति ने भी उनकी राय पर अपनी मोहर लगा दी। मीटिंग समाप्त हुई। सभी सदस्यों ने सोमरस पिया और अपने-अपने घरों की ओर प्रस्थान कर गए।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thanks for your comment